मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश:कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से खींचतान, निष्पक्ष चुनाव न कराने का आरोप

Sep 28, 2026 - 14:23
0
मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश:कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से खींचतान, निष्पक्ष चुनाव न कराने का आरोप
महोबा में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उनसे पुतला छीन लिया और कलेक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर खींचातानी देखने को मिली। ​महोबा में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष धुरिया के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर कलेक्ट्रेट परिसर की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से बर्खास्त करने, उनके निर्णयों की उच्चस्तरीय जांच कराने और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। ​जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेसी पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला निकालकर उसे आग लगाने की कोशिश करने लगे, पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस जवानों ने कार्यकर्ताओं को चारों तरफ से घेर लिया और उनके हाथ से पुतला छीनने की कोशिश की। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक पुतले को लेकर खींचतान चलती रही। आखिरकार पुलिस ने पुतला छीनकर उसे सुरक्षित सीओ सिटी की गाड़ी में रख दिया। ​इसके बाद जब कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के अंदर प्रवेश कर धरना-प्रदर्शन करने की कोशिश करने लगे, तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट ही बंद कर दिया। अंदर न जाने दिए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने बंद गेट को पकड़कर ही सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा और जमकर नारेबाजी की। ​मामले पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने कहा कि भारत सरकार के दबाव में निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं और जहां भी चुनाव हुए हैं, वहां गड़बड़ी करके सत्तारूढ़ दल को जिताया गया है। कांग्रेस नेता तुलसीदास लोधी ने कहा कि चुनाव आयोग एक पार्टी विशेष के लिए काम कर रहा है, इसलिए मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर अब तक लिए गए सभी फैसलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि जब तक चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी नहीं होती, उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User