मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकना पड़ा महंगा:फतेहपुर में सपा जिलाध्यक्ष समेत 11 नामजद पर मुकदमा दर्ज
यूपी के फतेहपुर में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकना समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन और पुतला दहन के मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने 11 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद सपा कार्यकर्ताओं में हलचल मच गई है। बताया गया कि रविवार को सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर विरोध जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी कराने का आरोप लगाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन और पुतला दहन की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कचहरी चौकी प्रभारी अनमोल सिंह की तहरीर पर सोमवार के दिन सदर कोतवाली में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव समेत 11 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में नरेश कोरी, सपा जिला महामंत्री मंजर यार, सपा लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष आजम खान, सुशील यादव, अमित मौर्या, संगीता पासी, रामेश्वर दयाल उर्फ दयालु गुप्ता पूर्व जिलाध्यक्ष, सोहेल खान, अयूब खान और विपिन यादव शामिल हैं। सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में भीड़ लेकर पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका था। चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर 11 नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)