सांसद लालजी वर्मा ने रेलवे अंडरपास बनाने की मांग की:अम्बेडकरनगर में बाराबंकी-जफराबाद रेलखंड पर बाउंड्री से प्रभावित ग्रामीणों को होगी सुविधा
अम्बेडकरनगर में पोल संख्या 920 के पास रेलवे की ओर से बाउंड्री बनाए जाने के बाद ग्रामीणों के आवागमन की समस्या बढ़ गई है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सांसद लालजी वर्मा ने उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर गौरा बसंतपुर-कुर्मीडीहा के पास अंडरपास निर्माण की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। सांसद ने पत्र में बताया कि ग्रामसभा कुर्मीडीहा, नकटहा, पांडेय का पूरा, रामदास पट्टी और गौरा बसंतपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन रेलवे की बाउंड्री बनने से प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार रेलवे लाइन के उत्तर दिशा में कई गांव बसे हैं, जबकि प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, राशन की दुकान, पुलिस स्टेशन, गैस गोदाम और पेट्रोल पंप जैसी जरूरी सुविधाएं रेलवे लाइन के दक्षिण दिशा में स्थित हैं। ग्रामीणों को इन सुविधाओं तक पहुंचने के लिए रोजाना रेलवे लाइन के दूसरी ओर जाना पड़ता है। पहले आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध था, लेकिन रेलवे की बाउंड्री बनने के बाद रास्ता बंद हो गया है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को भी रोजमर्रा के काम के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। सांसद लालजी वर्मा ने डीआरएम से जनहित को देखते हुए पोल संख्या 920 के पास अंडरपास निर्माण की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बनने से रेलवे लाइन के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)