मुख्यमंत्री योगी ने ग्राम प्रहरियों को संबोधित कर किया सम्मानित:जालौन में पुलिस लाइन उरई में लाइव प्रसारण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के समस्त ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को संबोधित कर सम्मानित किया गया, जिसका लाइव प्रसारण मंगलवार को पुलिस लाइन उरई में किया गया। इस दौरान जालौन के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्राम प्रहरियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और मुख्यमंत्री के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के महत्व, उनकी जिम्मेदारियों तथा उनके कल्याण से जुड़े विषयों पर प्रकाश डाला गया। पुलिस लाइन उरई में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी समीर वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी तथा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्राम प्रहरियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और सुना। कार्यक्रम के दौरान डीएम समीर ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके योगदान पर जोर दिया। ग्राम प्रहरी गांवों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा स्थानीय स्तर पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सतर्कता से पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों में सूचनाएं प्राप्त करने और आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलती है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने ग्राम प्रहरियों को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान एवं सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुलिस का सहयोग करने, गांवों में होने वाली महत्वपूर्ण घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय से देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम प्रहरियों के कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस लाइन उरई में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के ग्राम प्रहरियों की सहभागिता रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)