मुंबई के कारोबारी ने आजमगढ़ से बनवाए पिस्टल के लाइसेंस:आजमगढ़ SSP के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
मुंबई के रहने वाले मोहम्मद इबराक पुत्र इमदाद खान जो कि मुंबई में रहता है ने आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर ब्लॉक के फर्जी पते से वर्ष 2010 में पिस्टल के लाइसेंस हासिल कर लिए। वर्ष 2010 में जिस समय आरोपी का लाइसेंस बना उस समय आजमगढ़ के जिलाधिकारी मनीष चौहान थे जो बाद में आजमगढ़ के कमिश्नर भी बने थे। 16 वर्षों से आरोपी लगातार अपने लाइसेंस का रिनुअल कराता रहा। इसके साथ ही आरोपी ने अपने लाइसेंस को ऑल इंडिया भी करा डाला। आरोपी के लाइसेंस बनवाने में निजामाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव का रहने वाला अयाज बेग भी शामिल है। दैनिक भास्कर को मिले इनपुट के अनुसार अयाज बेग ने अपने परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के नाम पर एक दर्जन से अधिक सदस्यों के नाम पिस्टल, राइफल और बंदूक के लाइसेंस बनवा डालें। गांव में जब अयाज बेग के बारे में पड़ताल की गई तो यह बात सामने आई कि आरोपी लंबे समय से स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाकर आर्थिक आधार पर प्रशासन को गुमराह करता रहा। यही कारण है कि स्थानीय प्रशासन ने इस मामले में चुप्पी साधना ही बेहतर समझा। इसके साथ ही अयाज बेग ने गांव के कई लोगों को अपने निजी लाभ के लिए मुकदमा दर्ज करा कर जेल भी भिजवा दिया यही कारण है कि गांव के अधिकांश लोग अयाज बेग के खिलाफ कुछ भी बोलने से डरते हैं। SSP के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार के निर्देश पर जिले के निजामाबाद थाने में मिर्जा अयाज बेग और मोहम्मद इबराक सहित कई अन्य अज्ञात के विरुद्ध निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने घटना में शामिल आरोपियों और सहयोगियों की तलाश के लिए पुलिस टीम में गठित कर दी है जो लगातार उत्तर प्रदेश से लेकर मुंबई तक दबिश दे रही हैं। आरोपी ने लाइसेंस बनवाने में जितने भी डॉक्यूमेंट का इस्तेमाल किया सभी फर्जी हैं जिनमें नाम पता के साथ-साथ उम्र का वर्ष भी अलग-अलग है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन शातिर बदमाशों की जड़ें कितनी गहरी हैं। आरोपियों ने की सिस्टम में सेंधमारी आरोपियों ने सिस्टम में किस तरह से सेंधमारी की है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मोहम्मद इबराक ने अपना नाम एस आई आर में भी दर्ज करवा लिया। यह कोई पहला मौका नहीं है जबकि दूसरे जिले और प्रदेश के रहने वाले ने अपना नाम एस आई आर में दर्ज करवाया हो। इससे पहले निजामाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद कुद्दूस जो कि ऑस्ट्रेलिया का नागरिक था ने भी आजमगढ़ की एसआईआर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा लिया था। तैयार करवाए फर्जी डॉक्यूमेंट
दैनिक भास्कर को मिले इनपुट के आधार पर आरोपी मोहम्मद इबराक ने आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पते से जो भी प्रमाण पत्र आदि बनवाए गये है सभी पूरी तरह से फर्जी है। जो बातें सामने आई है। उसमें यह बात पूरी तरह से साफ है कि आरोपी मोहम्मद इबराक आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र का नहीं बल्कि किसी अन्य स्थान का रहने वाला है। जो वर्तमान में मुम्बई में रहकर बड़ा कारोबार करता है और वर्तमान में मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहता है। इस पूरे मामले में जिला प्रशासन में तैनात अधिकारी के कर्मचारियों की भी भूमिका संदिग्ध आ रही है। जब जब इस मामले की शिकायत हुई तो आरोपी ने आर्थिक आधार पर शिकायतों को मैनेज करने का काम किया। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है इसके साथ ही पुलिस का कहना है की घटना में जिन भी लोगों की संलिप्तता पाई जाएगी उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)