रामपुर में यूपीआई लेनदेन का बहिष्कार:राजीव शर्मा बोले- बढ़ेगा आर्थिक बोझ, डिजिटल व्यवस्था पर शुल्क थोपना गलत
रामपुर में यूपीआई भुगतान पर चार्ज लगाए जाने की चर्चा को लेकर रामपुर के डिस्ट्रीब्यूटरों में नाराजगी बढ़ गई है। रामपुर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन की सिविल लाइंस स्थित होटल मूड फूड में हुई बैठक में व्यापारियों ने प्रस्तावित चार्ज का कड़ा विरोध किया। बैठक में 15 अक्टूबर से यूपीआई भुगतान का पूर्ण बहिष्कार करने और इसके स्थान पर नकद अथवा चेक से भुगतान लेने का आह्वान किया गया। एसोसिएशन के सचिव राजीव शर्मा ने कहा कि पहले व्यापारियों और ग्राहकों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित किया गया और अब इसी व्यवस्था पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सभी डिस्ट्रीब्यूटरों से 15 अक्टूबर से यूपीआई भुगतान स्वीकार नहीं करने और अपने दुकानदार साथियों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की। संजय गर्ग ने थोक व्यापार में यूपीआई लेनदेन से जुड़ी समस्या उठाते हुए बताया कि कई थोक दुकानदारों ने अपने बारकोड छोटे दुकानदारों को दे रखे हैं। भुगतान उनके खाते में जाने के बजाय सीधे डिस्ट्रीब्यूटरों के यूपीआई खाते में पहुंच रहा है। इससे लेनदेन का हिसाब-किताब रखने और बैलेंस शीट तैयार करने में परेशानी होती है। वाजिद खान ने कहा कि बाजार पहले से मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में यूपीआई पर चार्ज लगाने से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। कोषाध्यक्ष योगेश गर्ग ने कहा कि व्यापारियों पर अनावश्यक नियम थोपे जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार बढ़ते आर्थिक बोझ का असर व्यापार और बाजार दोनों पर पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)