मुरादाबाद में पिज्जा दुकान में धमाका:संचालक समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल; सिलेंडर या एसी में ब्लास्ट की आशंका
मुरादाबाद में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शेरूआ चौराहे पर स्थित एक पिज्जा की दुकान में अचानक गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि दुकान की दीवार और लोहे का शटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में दुकान संचालक समेत पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शेरूआ चौराहे पर स्थित पिज्जा की दुकान में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह धमाका गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है। धमाके की चपेट में आने से दुकान के अंदर मौजूद लोग, पड़ोसी दुकानदार और वहाँ से गुजर रहे राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान दुकान संचालक ब्रजपाल सिंह उर्फ बिरजू (30) पुत्र छोटे सिंह निवासी फतेहपुर छीतरा (अमरोहा), दुकान के बाहर खड़े यश चौधरी (30) पुत्र अनिल कुमार निवासी कोकरपुर और पड़ोसी दुकानदार अरुण (28) पुत्र राजू निवासी शेरूआ के रूप में हुई है। इन तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पड़ोसी दुकान के शिवम (30) पुत्र राजू और राहगीर ब्रजेश्वरी देवी (68) पत्नी राजपाल निवासी ईशापुर (अमरोहा) को भी चोटें आई हैं, हालांकि इन दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। धमाके की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एफएसएल (फोरेंसिक) की टीम मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गैस सिलेंडर फटने का ही लग रहा है, लेकिन मामले की पूरी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)