मुरादाबाद में पकड़ा गया 18वां तेंदुआ:वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी, कासमपुर में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ

Sep 25, 2026 - 11:15
0
मुरादाबाद में पकड़ा गया 18वां तेंदुआ:वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी, कासमपुर में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ
मुरादाबाद जिले में आतंक का सबब बने तेंदुओं को पकड़ने के अभियान में वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। कांठ तहसील के कासमपुर गांव में पिछले कई दिनों से दहशत फैला रहा एक तेंदुआ आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया है। इस तेंदुए के पकड़े जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, कासमपुर गांव और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की सक्रियता देखी जा रही थी, जिससे ग्रामीण खेतों में जाने से कतरा रहे थे। ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम ने गांव के पास एक पिंजरा लगाया था। देर रात शिकार की तलाश में घूम रहा तेंदुआ पिंजरे में दाखिल हुआ और कैद हो गया। सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मुरादाबाद जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा 3 अगस्त से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 18 तेंदुओं को पकड़ा जा चुका है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार ठाकुरद्वारा तहसील में 14 तेंदुए पकड़े गए, कांठ तहसील मे 4 तेंदुए पकड़े गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान या अन्य कारणों से अब तक 3 तेंदुओं की मौत भी हो चुकी है। हमलों में 4 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक इस कदर है कि इनके हमलों में अब तक 4 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने पूरे जिले में 46 पिंजरे लगाए हैं। इसके साथ ही वन विभाग की विशेष टीमें लगातार गांव-गांव जाकर गश्त कर रही हैं और ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने व सतर्क रहने की सलाह दे रही हैं। वन विभाग के सामने अभी भी बड़ी चुनौती भले ही वन विभाग ने 18 तेंदुओं को पिंजरे में कैद कर लिया हो, लेकिन चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है। जिले के अलग-अलग गांवों में अभी भी नए तेंदुओं के देखे जाने की खबरें आ रही हैं। वन अधिकारियों का कहना है कि जब तक क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक यह रेस्क्यू और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User