सीतापुर में कच्ची दीवार गिरने से युवक की मौत:मलबे में दबा था युवक, ग्रामीणों ने हटाकर अस्पताल पहुंचाया
सीतापुर में देर रात से लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कच्ची दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नौवा महमूदपुर गांव में हुआ। मृतक की पहचान बांके बिहारी पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बांके बिहारी कच्ची दीवार के पास सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसके मलबे में दब गया। हादसे की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला। घटना के प्रत्यक्षदर्शी भौरी लाल ने बताया कि बांके बिहारी दीवार के पीछे था। जब वह उसे बुलाने के लिए गया तो उसने कहा कि अभी नहीं आयेगा और कुछ देर बाद दोबारा वहां पहुंचने पर दीवार गिरी पड़ी थी और बांके बिहारी उसके नीचे दबा हुआ था। इसके बाद गांव के लोगों को बुलाकर उसे मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल युवक को इमलिया अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, रास्ते में उसकी सांस चल रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर इमलिया सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लगातार बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से हुए हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)