मुरादाबाद में सीएमओ कार्यालय से निकली संचारी रोग जागरूकता रैली:नगर विधायक और सीएमओ ने हरि झंडी दिखाकर किया रवाना
मुरादाबाद में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक विशेष जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को नगर विधायक रितेश गुप्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संक्रामक बीमारियों जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के प्रति आम जनता को सचेत करना और बचाव के तरीकों को साझा करना है। इस जागरूकता रैली के शुभारंभ के अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। नगर विधायक और सीएमओ के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष शैफाली गुप्ता और भाजपा नगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। जागरूकता रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से विधि-विधान से शुरू हुई। इसके बाद यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे कमिश्नर आवास और जैन मंदिर से होते हुए कंपनी बाग तक पहुंची। रैली के दौरान स्वास्थ्य कर्मी हाथों में स्लोगन लिखी पट्टियां लेकर चल रहे थे और लोगों को जागरूक कर रहे थे। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्टाफ नर्सों और एएनएम समेत बड़ी संख्या में अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने हिस्सा लिया। इन सभी ने आम जनमानस को संक्रामक बीमारियों से बचने के संदेश दिए। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने रैली के दौरान जनता से बेहद महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों के अंदर और आसपास के खुले स्थानों पर पानी जमा न होने दें। विशेष रूप से कूलर, गमलों और छतों पर पड़े पुराने टायरों की नियमित सफाई करें और उनमें इकट्ठा पानी तुरंत हटा दें, क्योंकि इनमें मलेरिया व डेंगू के मच्छर पनपते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों की सलाह के बिना दवा न लेने की हिदायत दी और कहा कि बुखार होने पर मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर निशुल्क जांच करानी चाहिए। रैली के समापन पर नगर विधायक ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण तभी पाया जा सकता है, जब स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों में आम जनता भी अपनी जिम्मेदारी समझे। जन-भागीदारी के बिना किसी भी बड़े स्वास्थ्य अभियान को पूरी तरह सफल नहीं बनाया जा सकता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)