मुरादाबाद में वाइन शॉप में 1.42 लाख रुपए की चोरी:सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी ले गए चोर

Oct 07, 2026 - 21:03
0
मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित मंगूपुरा में मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने दो शराब दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने देशी और इंग्लिश वाइन शॉप से करीब 1.42 लाख रुपये की नकदी और भारी मात्रा में शराब चोरी कर ली। पकड़े जाने के डर से शातिर अपराधी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनकी डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए। बुधवार सुबह चोरी की भनक लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और डायल 112 की टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मंगूपुरा में स्थित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानें रोजाना की तरह रात में बंद थीं। बुधवार सुबह जब देशी शराब दुकान के सेल्समैन कृपाल ने शटर खोला, तो दुकान के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। चोर छत के रास्ते से दुकान के भीतर दाखिल हुए थे। कृपाल ने बताया कि चोरों ने गल्ले में रखे करीब छह हजार रुपये कैश और शराब की 18 पेटियों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने इसके साथ ही सटी अंग्रेजी शराब की दुकान में भी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दुकान के मालिक हेमंत कुमार और सेल्समैन रवि कुमार के अनुसार, चोर उनकी दुकान से करीब एक लाख छत्तीस हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी और शराब की कई पेटियां चुरा ले गए। पुलिस उनकी पहचान न कर सके, इसके लिए चोरों ने दोनों दुकानों में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और उनका DVR भी गायब कर दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची मझोला थाना पुलिस और 112 डायल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान मालिकों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सुराग तलाशने के लिए आस-पास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User