मुरादाबाद में युवक को बंधक बनाकर हथौड़े से तोड़े दांत:साइड नहीं देने पर भड़के कार सवारों ने बेरहमी से पीटा
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में सड़क पर साइड देने को लेकर उपजे मामूली विवाद ने बेहद हिंसक रूप ले लिया। बेखौफ दबंगों ने न सिर्फ मोटरसाइकिल सवार युवकों की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि एक पीड़ित का अपहरण कर उसे घर में बंधक बना लिया। दबंगों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवक के मुंह पर हथौड़े से वार किया, जिससे उसके दो दांत टूट गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मझोला थाना क्षेत्र के आज़ाद नगर निवासी शादान पुत्र शराफत हुसैन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शादान के मुताबिक, उनका भाई जैद अपने साथी आतिफ पुत्र इरशाद और आकिल पुत्र शमशाद के साथ मोटरसाइकिल से आज़ाद नगर जा रहा था। रास्ते में पीर का बाजार के समीप सामने से आ रही एक कार से साइड लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच अचानक कहासुनी हो गई। आरोप है कि साइड देने के इस मामूली विवाद पर कार सवार आरोपी शादाब उर्फ कल्लन और उसके साथ मौजूद दो अज्ञात लोग बुरी तरह भड़क गए और अपना आपा खो बैठे। आरोपियों ने जैद और उसके साथियों को चारों तरफ से घेर लिया और सरेराह गाली-गलौज शुरू कर दी। जब युवकों ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने तीनों को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी पीड़ित जैद को जबरन घसीटते हुए अपनी कार में डालकर अपने घर ले गए। वहां जैद को बंधक बना लिया गया और दोबारा लाठी-डंडों से पीटा गया। इस दौरान एक आरोपी ने बर्बरता दिखाते हुए जैद के मुंह पर सीधे हथौड़े से हमला कर दिया। हथौड़े के वार से जैद के मुंह के दो दांत टूट गए और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इस खौफनाक वारदात के बाद डरे-सहमे पीड़ित परिजन गंभीर रूप से घायल जैद को लेकर मझोला थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत मामले को संज्ञान में लिया। शादान की तहरीर पर मुख्य आरोपी शादाब उर्फ कल्लन समेत तीन लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित तहरीर के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है और फरार दबंगों को दबोचने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)