मुरादनगर में विधिक साक्षरता शिविर:ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों की जानकारी, निशुल्क सहायता पाने के तरीके बताए
गाजियाबाद में मुरादनगर के बसंतपुर सैथली गांव में मंगलवार को विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। एचआरआईटी विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ लीगल स्टडीज और लीगल एड कमेटी की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सहयोग से आयोजित शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और न्याय पाने के आसान तरीकों की जानकारी दी गई। शिविर में बताया गया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने या अन्य कारणों से यदि कोई व्यक्ति वकील की फीस देने में सक्षम नहीं है तो पात्र लोगों को नियमानुसार निःशुल्क कानूनी सहायता मिल सकती है। इसके अलावा लोक अदालत और मध्यस्थता के जरिए विवादों का कम समय में आपसी सहमति से समाधान कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। इस दौरान विधि के विद्यार्थियों और विशेषज्ञों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें संबंधित मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। लोगों को यह भी बताया गया कि छोटे-बड़े विवादों को लेकर समय पर सही कानूनी सलाह लेना जरूरी है, ताकि समस्या को बढ़ने से रोका जा सके। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा बनौध्या, पीएलए सदस्य रीता सिंह, सेतुका गौड़, शोभित गर्ग, डिफेंस काउंसिल टीम और मध्यस्थ अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक कानून की जानकारी पहुंचाना है, ताकि जानकारी या आर्थिक परेशानी के कारण कोई व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)