मुठभेड़ में शिक्षक हत्याकांड के तीन वांछित गिरफ्तार:आधी रात पुलिस से मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक आरोपी घायल; दो साथी भी गिरफ्तार
मैनपुरी में शिक्षक हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ थाना एलाऊ क्षेत्र के अजीतगंज बाईपास रोड पर आधी रात को हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसके दो साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से शिक्षक की हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद करने की बात कही है। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि 21 सितंबर को थाना एलाऊ क्षेत्र के अजीतगंज-दिवनपुर रोड पर एक शिक्षक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई थीं। सीओ सिटी, कोतवाली प्रभारी, सर्विलांस प्रभारी और थाना एलाऊ पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस को बुधवार देर रात खबर मिली कि शिक्षक हत्याकांड के आरोपी अजीतगंज बाईपास रोड के पास देखे गए हैं। इस खबर के बाद पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध आरोपियों की हरकतें दिखने पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरते देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान एक आरोपी अजय उर्फ शहंशाह के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं मौके पर मौजूद उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से शिक्षक की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शिक्षक की हत्या में शामिल होने की बात कबूली है। हालांकि, पुलिस मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)