नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, किशोर पकड़ा गया:इंस्टाग्राम से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए, जान से मारने की धमकी दी
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर संपर्क के बाद 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को सोमवार सुबह तिकुनिया के सामने स्थित जंगल से पकड़ा गया। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है, जबकि आरोपी कक्षा दस में पढ़ता है। दोनों के बीच करीब एक साल से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क था। आरोप है कि बातचीत के दौरान किशोर किशोरी से अश्लील बातें करता था। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने पहली बार घर आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में कई बार इस तरह की घटना होने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के मुताबिक, 11 अक्टूबर को किशोरी के माता-पिता बाजार गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी उनके घर पहुंच गया। जब माता-पिता वापस लौटे तो उन्होंने किशोर को घर में मौजूद पाया। परिजनों ने उससे नाम और पता पूछा तो उसने अपना नाम बताया और धक्का देकर मौके से भाग निकला। परिजनों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद किशोरी की मां ने पारा थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोर को सोमवार सुबह तिकुनिया के सामने स्थित जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। नाबालिग से संबंधित मामला होने के कारण पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)