नाले की समस्या पर किसानों का नगर पालिका को अल्टीमेटम:बागपत मे 50 बीघा जमीन प्रभावित, BKU अखंड ने दिया तीन दिन का समय

Oct 16, 2026 - 14:34
0
नाले की समस्या पर किसानों का नगर पालिका को अल्टीमेटम:बागपत मे 50 बीघा जमीन प्रभावित, BKU अखंड ने दिया तीन दिन का समय
बागपत। भारतीय किसान यूनियन अखंड ने वार्ड नंबर 21 स्थित एमआरएफ सेंटर के पीछे कच्चे नाले की समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद बागपत में शिकायत पत्र सौंपा। संगठन ने किसानों की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए नगर पालिका अधिकारियों को तीन दिन का समय दिया है। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर संगठन ने आगे की रणनीति अपनाने की बात कही है। जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कसाना के आदेशानुसार जिला संगठन मंत्री दिलशाद खान के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों के समक्ष किसानों की समस्या उठाई। संगठन का कहना है कि कच्चे नाले में कूड़ा जमा होने और पानी की निकासी बाधित होने से करीब 50 बीघा कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। इससे 14 किसान परिवारों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। पदाधिकारियों के मुताबिक, किसान पिछले दो महीने से लगातार समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। शिकायत के दौरान अधिशासी अधिकारी महेश शर्मा, नगर पालिका के लिपिक और इंस्पेक्टर संदीप तिवारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।नगर पालिका अधिकारियों ने समस्या का समाधान कराने के लिए संगठन से दो दिन का समय मांगा, जबकि भारतीय किसान यूनियन अखंड ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन दिन की समय-सीमा निर्धारित की है। संगठन ने मांग की कि कच्चे नाले की तत्काल सफाई कराई जाए, पानी की निकासी सुचारु की जाए और एमआरएफ सेंटर का कूड़ा नाले में जाने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रभावित कृषि भूमि और फसलों को नुकसान से बचाने के लिए स्थायी समाधान कराया जाए। भारतीय किसान यूनियन अखंड ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई चाहता है, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User