NCC कैडेट्स ने संभाली ट्रैफिक कमान:आटा तिराहे पर चालकों को सिखाए नियम, SO बोले- नींद आए तो न चलाएं गाड़ी
जालौन के आटा थाना क्षेत्र में 'मिशन शक्ति 6.0' अभियान के तहत यातायात पुलिस और एनसीसी (NCC) कैडेट्स ने मिलकर एक विशेष यातायात जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया। झाँसी-कानपुर हाईवे पर स्थित आटा तिराहे पर कैडेट्स ने पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था का संचालन किया और लोगों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया। थाना आटा की मिशन शक्ति टीम और यातायात पुलिस की संयुक्त पहल पर इस अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ ट्रैफिक संचालन में पुलिस का सहयोग किया। हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को रोककर उन्हें यातायात नियमों और सड़क संकेतों (Traffic Signals) का सख्ती से पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। कैडेट्स ने आमजन को बताया कि थोड़ी सी सावधानी से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। इस मौके पर आटा थानाध्यक्ष (SO) अभिलाष मिश्रा ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने चालकों से अपील करते हुए कहा कि सफर के दौरान यदि उन्हें जरा भी नींद या थकान महसूस हो, तो वे बिल्कुल भी वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में अपनी गाड़ी को हाईवे किनारे किसी सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर लें और पूरी नींद लेने के बाद ही अपनी आगे की यात्रा शुरू करें, ताकि हादसों से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)