नगर पालिका में नए कार्यालय और स्टोर रूम का उद्घाटन:चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल ने किया लोकार्पण, सफाई और अभिलेखों के रखरखाव में मिलेगी मदद
सुल्तानपुर नगर पालिका परिसर में नवनिर्मित कार्यालय भवन एवं स्टोर रूम का लोकार्पण रविवार को दोपहर दो बजे पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि पालिका के सफाई विभाग एवं मार्ग प्रकाश विभाग में लंबे समय से समुचित स्टोर रूम की व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते चूना, सफाई उपकरण और लाइटों से संबंधित सामग्री के रख-रखाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि लेखा अनुभाग में अभिलेखों के संरक्षण के लिए अभिलेखागार की व्यवस्था नहीं थी। वहीं, जन्म-मृत्यु पंजीकरण पटल सहित अन्य पटलों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए पालिका कार्यालय के विस्तारीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इन समस्याओं को देखते हुए सफाई विभाग के पुराने कार्यालय और डूडा कार्यालय के बीच स्थित जर्जर भवन को हटाकर उसके स्थान पर दो स्टोर रूम तथा शौचालय और यूरिनल सहित तीन नए कार्यालय भवनों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि नए भवनों के निर्माण से अभिलेखों के संरक्षण के लिए अभिलेखागार की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। साथ ही सफाई एवं मार्ग प्रकाश विभाग से संबंधित सामग्री और उपकरणों के रख-रखाव में भी सुविधा मिलेगी। इससे पालिका के विभिन्न विभागों के कामकाज को अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
सफाई संघ के लिए भी आरक्षित किया गया कक्ष पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नवनिर्मित भवन में एक कक्ष सफाई संघ के लिए भी आरक्षित किया गया है। इसका उद्देश्य सफाई मित्रों के हितों का संरक्षण करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर पालिका के सहायक अभियंता संतोष कुमार, अवर अभियंता नीलम कुमारी, राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह तथा सभासद रमेश सिंह ‘टिन्नू’, दिनेश चौरसिया, अरुण कुमार तिवारी, मोहम्मद जाहिद, अरशद हबीब, गिरीश कुमार मिश्र, मोहम्मद अहमद भाई, भैयादीप सिंह, अजय सिंह, मनीष जायसवाल, अफजल अंसारी, रेनू सिंह, अरविंद यादव, प्रदीप जायसवाल, रवि अग्रहरि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)