NH-34 में गाड़ी के बोनट पर बैठकर रील बनाई:बुलंदशहर में यातायात नियमों का उल्लंघन, नंबर से पहचान में जुटी पुलिस
बुलंदशहर में सोशल मीडिया पर 'लाइक्स' और 'व्यूज' हासिल करने की होड़ में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ताजा मामला बुलंदशहर जिले के थाना अरनिया क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-34 (NH 34) का है, जहां कुछ युवतियों द्वारा मंगलवार दोपहर 2 बजे यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए रील बनाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवतियां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी के बोनट पर बैठकर रील बनवा रही हैं। इस दौरान गाड़ी के बैकग्राउंड में बदमाशी का गाना बजाया गया है। युवतियों में न तो अपनी सुरक्षा को लेकर कोई डर था और न ही कानून का कोई खौफ। हाईवे पर इस तरह की जानलेवा हरकतों से अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रैफिक पुलिस की इंटरसेप्टर गाड़ियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद, हाईवे पर सरेआम इस तरह नियमों का उल्लंघन होना यातायात प्रबंधन की मुस्तैदी पर सवालिया निशान लगाता है। इंटरसेप्टर गाड़ी की मौजूदगी के बाद भी युवतियों की इस हरकत को रोका न जा सका। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन अब कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। मामले पर सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गाड़ी के नंबर और वीडियो में दिख रही युवतियों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)