नहर में डूबे युवक की लाश 2 दिन बाद मिली:झांसी में गणेश विसर्जन में गया था, फिर लौटकर नहीं आया, एक किलोमीटर दूर मिला
झांसी में नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो दिन बाद रविवार को उसकी लाश नहर से बरामद हो गई। शुक्रवार को वह गणेश विसर्जन करने नहर पर पहुंचा था। इस दौरान वह नहर में गिर गया था। तब से परिजन और पुलिस तलाश कर रही थी। शव न मिलने पर पुलिस प्रशासन ने नहर का पानी कम कराया था। आज सुबह परिजन नहर में शव खोज रहे थे। तभी एक किलोमीटर दूर शव बरामद हो गया। पुलिस ने शाम लगभग 5 बजे पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पूरा मामला चिरगांव कस्बे का है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए थे मृतक का नाम लखन अहिरवार (32) पुत्र लल्लू अहिरवार था। वह चिरगांव के तालाबपुरा मोहल्ले का रहने वाला था। लखन की शादी नहीं हुई थी। तीन भाइयों में वह सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर के राहुल की शादी हो चुकी है। जबकि सबसे छोटे भाई सोनू की दो साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। उसके पिता लल्लू की भी मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया- लखन मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह मोहल्ले की गणेश प्रतिमा विसर्जन में छिरौना नहर पर गया था। इसके बाद लौटकर घर नहीं आया। ढूंढ़ने पर कोई सुराग नहीं लगा। तब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसमें लखन विसर्जन में जाते हुए दिखा, लेकिन लौटकर आते हुए नजर नहीं आया। तब से परिजन नहर में उसकी तलाश कर रहे थे। पानी कम होने पर शव मिला परिजनों ने बताया- लखन का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने चिरगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लखन को तलाश रहे थे। नहर का पानी भी कम करवाया गया था। आज परिजन नहर में उतरकर लखन को खोज रहे थे। लगभग एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में लखन का शव फंसा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)