नीबकरौरी की जन्मस्थली पर शिकायत:अनुयायी बोले- भोग बनता है, पैतृक मकान पर अवैध कब्जे से इनकार

Oct 08, 2026 - 13:50
0
नीबकरौरी की जन्मस्थली पर शिकायत:अनुयायी बोले- भोग बनता है, पैतृक मकान पर अवैध कब्जे से इनकार
फिरोजाबाद में बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली गांव अकबरपुर में पैतृक मकान को लेकर की गई शिकायत के मामले में अब गांव के रहने वाले और बाबा के अनुयायी हरीश शर्मा ने अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि जिस दिन से गांव में मंदिर की नींव रखी गई, तभी से पैतृक मकान के किचन में बाबा का भोग बनाया जाता रहा है। उन्होंने मकान पर किसी तरह के अवैध कब्जे की बात से इनकार किया है। हरीश शर्मा ने कहा कि बाबा की जन्मस्थली पर आने वाले श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालु बाबा की कुटिया के भी दर्शन करते हैं। कुछ लोगों द्वारा यह कहा जा रहा है कि श्रद्धालुओं को वहां से भगा दिया जाता है, जबकि ऐसा तभी संभव है, जब वहां कोई ट्रस्टी या जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद हो। उनके अनुसार गांव में मंदिर की सेवा के लिए केवल एक पुजारी और एक रसोइया रहता है। इनके अलावा वहां किसी के रहने की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने वालों का वास्तविक विवाद क्या है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उनके अनुसार आश्रम और बाबा की जन्मस्थली को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आने से इसे बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली पर जिस तरह से व्यवस्थाएं वर्षों से चलती आ रही हैं, उसी तरह आगे भी चलती रहनी चाहिए। बाबाजी का नाम संसार में होता रहे हरीश शर्मा ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज से देश-विदेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। उनका उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि बाबा की जन्मस्थली की गरिमा बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि व्यवस्थाएं शांतिपूर्ण तरीके से चलती रहें और बाबा नीब करौरी महाराज का नाम पूरे संसार में इसी तरह श्रद्धा के साथ लिया जाता रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User