नीलम करवरिया कप 2026 का 10 अक्टूबर से होगा आगाज:12 विधानसभा की टीमें लेंगी हिस्सा, विजेता को मिलेगा 1 लाख का इनाम
प्रयागराज के मेजा विधान सभा की पूर्व विधायक मेजा नीलम करवरिया की स्मृति में आयोजित होने वाला नीलम करवरिया कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट 10 अक्टूबर से केपी ग्राउंड स्थित मेजर रंजीत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान में शुरू होगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन सुबह 8 बजे किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रयागराज जिले की सभी 12 विधानसभाओं की टीमें हिस्सा लेंगी। फाइनल मुकाबला 17 अक्टूबर को खेला जाएगा। आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 15 मैच होंगे। रोजाना दो मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि फाइनल के दिन एक मैच होगा। 12 टीमों को चार पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल में तीन टीमें होंगी और पूल में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। इस बार प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के चयन को लेकर पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आधार सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है। टीम में संबंधित विधानसभा का मूल निवासी खिलाड़ी होना अनिवार्य रखा गया है। हालांकि, टीम के कोच और मैनेजर की सहमति से अधिकतम दो बाहरी खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा सकेगा। आयोजकों का कहना है कि इससे फर्जी तरीके से किसी दूसरी विधानसभा की टीम में शामिल होने की कोशिश पर रोक लगेगी। सक्षम करवरिया ने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के उदीयमान खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना है। उन्होंने कहा कि उनकी मां नीलम करवरिया लोगों को जनता नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा मानती थीं। उन्हीं की स्मृति में ऐसे खिलाड़ियों को मौका देने का प्रयास किया जा रहा है, जिनमें प्रतिभा तो है, लेकिन उचित मंच नहीं मिल पाता। प्रतियोगिता प्रयागराज क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध होगी। मैचों का संचालन पंजीकृत अंपायर, स्कोरर, रेफरी और कमेंटेटर करेंगे। सभी मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। खिलाड़ियों को मैच में गेंद निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। हर मैच के मैन ऑफ द मैच को ट्रॉफी और 2 हजार रुपये दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और क्षेत्ररक्षक को ट्रॉफी के साथ 10-10 हजार रुपये मिलेंगे। मैन ऑफ द सीरीज को ट्रॉफी और 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। विजेता टीम को नीलम करवरिया कप और एक लाख रुपये, जबकि उपविजेता को ट्रॉफी और 60 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को क्रमशः गोल्डन और सिल्वर मेडल भी दिए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)