नीलम करवरिया कप में विभव और प्रियांशु चमके:करछना 10 विकेट से जीता, फाफामऊ ने बारा को 55 रन से हराया
प्रयागराज नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में रविवार को केपी कॉलेज मैदान पर खेले गए मुकाबलों में करछना और फाफामऊ विधानसभा की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में करछना ने प्रतापपुर को 10 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में फाफामऊ ने बारा विधानसभा को 55 रन से शिकस्त दी। करछना की जीत में विभव कुशवाहा और अर्पित सिंह ने नाबाद अर्धशतकीय साझेदारी की, वहीं फाफामऊ की जीत के हीरो प्रियांशु यादव रहे। शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पहले मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी प्रतापपुर की टीम 19.5 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अभिषेक यादव ने 31, अनुज सिंह परिहार ने 17 और सौरभ त्रिपाठी ने 14 रन बनाए। करछना की ओर से हार्दिक सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि सज्जाद हुसैन और श्लोक प्रताप सिंह को दो-दो विकेट मिले। जवाब में करछना ने 17.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 115 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। विभव कुशवाहा ने 52 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए। अर्पित सिंह ने भी 52 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 49 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने प्रतापपुर के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। विभव को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दूसरे मुकाबले में फाफामऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 115 रन बनाए। गौरव पाठक ने 22, सौरभ प्रताप सिंह ने 19, सिद्धार्थ मिश्र ने 17 और मो. उस्मान ने 13 रन का योगदान दिया। बारा की ओर से सौरभ सिंह ने चार विकेट हासिल किए। 116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारा की टीम 16.3 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। शिवम यादव ने सर्वाधिक 16 रन बनाए। फाफामऊ के प्रियांशु यादव ने चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट झटके। मो. उस्मान, गौरव पाठक और आदित्य मौर्य को दो-दो विकेट मिले। प्रियांशु को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान संदीप करवरिया, सुयश शर्मा, सोमेश्वर पांडेय, परवेज आलम, अजय कुशवाहा और मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)