नितिन ने पांच महीने पहले शुरू किया था कारोबार:दो महीने पहले हादसे में पैर में पड़ी थी रॉड, अब आग ने तोड़ी हिम्मत
मेरठ के खैरनगर स्थित रोज प्लाजा में रविवार रात एक मेडिकल स्टोर में भीषण आग लग गई। आग में दुकान में रखी लाखों रुपए की दवाइयां जल गईं। दुकान संचालक कुछ देर पहले ही दुकान बंद करके घर के लिए निकले थे। रास्ते में उन्हें आग लगने की सूचना मिली तो वह तुरंत वापस लौटे, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में कॉम्प्लेक्स के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में फॉल्ट को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। ट्रांसफार्मर में पटाखे जैसी आवाज के बाद दुकान से निकला धुआं बागपत रोड स्थित ग्राम कुराली निवासी नितिन चौहान ने करीब पांच महीने पहले रोज प्लाजा में मेरठ मेडिकोज के नाम से दवा की दुकान शुरू की थी। रविवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। अभी रास्ते में ही थे कि उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। वह तुरंत वापस लौटे तो दुकान आग की लपटों से घिरी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान से कुछ दूरी पर मौजूद लोगों ने आग लगने से पहले कॉम्प्लेक्स के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में पटाखे जैसी आवाज सुनी थी। कुछ देर बाद दुकान से धुआं निकलने लगा और फिर आग फैल गई। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शटर खोलकर बुझाई आग, पहले भी ट्रांसफार्मर में हुए थे फॉल्ट दमकलकर्मियों ने दुकान का शटर खोलकर आग बुझाना शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शुरुआती तौर पर ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी को आग की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। नितिन के भाई संदीप ने बताया कि दुकान के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में पहले भी फॉल्ट हो चुके हैं। पिछली बार फॉल्ट से कंप्यूटर की स्क्रीन और प्रिंटर खराब हो गए थे। इस संबंध में विद्युत विभाग से शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। संदीप ने हादसे के लिए विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। दीपावली से ठीक पहले हुए इस हादसे से नितिन को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पांच महीने पहले ही कारोबार शुरू किया था और अब दुकान में रखी दवाइयां जल गईं। परिवार के सामने आर्थिक संकट की चिंता भी खड़ी हो गई है। दो महीने पहले हुआ था एक्सीडेंट संदीप ने बताया कि नितिन करीब दो महीने पहले रात में घर लौटते समय बाफर बंबे के पास सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उनके पैर में गंभीर चोट लगी थी और रॉड डालनी पड़ी थी। वह अभी पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हुए थे कि दुकान में आग लगने की घटना हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)