नियमितीकरण, समान वेतन की मांग पर एनएचएम कर्मचारियों का धरना:शाहजहांपुर में सीएमओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
शाहजहांपुर में नियमितीकरण समान कार्य-समान वेतन और कैशलेस इलाज की सुविधा समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (संविदा) कर्मचारी संघ के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के बाहर धरना दिया। सुबह 11 बजे शुरू हुए धरने में कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। संघ के अध्यक्ष पंकज अग्निहोत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कई कर्मचारी 10 से 15 साल से लगातार सेवाएं दे रहे हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ चिकित्सक करीब 18 वर्षों से काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि विभाग में रिक्त पदों पर लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को वेटेज देते हुए समायोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि नियमितीकरण में परेशानी है तो कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। लंबे समय से विभाग की जिम्मेदारियां निभाने वाले कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग उठाई। उनका कहना था कि स्वास्थ्यकर्मी लगातार मरीजों के संपर्क में रहकर संक्रमण के जोखिम के बीच काम करते हैं और लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाते हैं, लेकिन उनके अपने इलाज के लिए कैशलेस व्यवस्था नहीं है। पंकज अग्निहोत्री के मुताबिक, मांगों को लेकर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के साथ सांसदों व विधायकों को भी अवगत कराया जा चुका है। प्रदेश कमेटी के निर्णय के अनुसार 8 से 10 अक्टूबर तक जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जा रहा है। 11 अक्टूबर को आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसके बाद 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की तैयारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)