नकली चांदी की पायल बेचने पहुंची दो महिलाएं गिरफ्तार:कानपुर देहात में ज्वेलर्स को 215 ग्राम की पायल चांदी बताकर 15 हजार रुपए लिए

Oct 05, 2026 - 22:52
0
नकली चांदी की पायल बेचने पहुंची दो महिलाएं गिरफ्तार:कानपुर देहात में ज्वेलर्स को 215 ग्राम की पायल चांदी बताकर 15 हजार रुपए लिए
कानपुर देहात के रसूलाबाद में सोमवार शाम ज्वेलर्स की दुकान पर नकली चांदी की पायल बेचकर 15 हजार रुपए लेने पहुंची दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लेने के बाद पूछताछ के दौरान दोनों महिलाएं बार-बार अपना नाम और पता बदलती रहीं। करीब छह बार अलग-अलग नाम-पते बताए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब दोनों की वास्तविक पहचान और पिछली गतिविधियों की जांच कर रही है। 15 हजार रुपए लेकर निकलीं, पायल की जांच में खुला राज मामला रसूलाबाद कस्बे के कानपुर रोड स्थित आरती ज्वेलर्स का है। सोमवार शाम करीब 5 बजे दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं। उन्होंने दुकानदार रवि चंदेल को करीब 215 ग्राम वजन की एक जोड़ी पायल दिखाई और उसे चांदी की बताकर बेचने की बात कही। महिलाओं ने अपना नाम रमा पत्नी देशराज और ज्योति पत्नी अर्पित बताया। दुकानदार ने पायल को चांदी का समझकर दोनों को 15 हजार रुपए दे दिए। कुछ देर बाद पायल की शुद्धता को लेकर दुकानदार को शक हुआ। उसने रसायन लगाकर पायल की जांच की तो वह नकली निकली। इसके बाद दुकानदार ने दोनों महिलाओं को दुकान में बैठाकर यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। दुकानदार की तहरीर के आधार पर रसूलाबाद थाने में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पहचान को लेकर भी पुलिस कर रही जांच पुलिस पूछताछ में दोनों महिलाओं के बार-बार नाम और पता बदलने की बात सामने आने के बाद उनकी वास्तविक पहचान को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली पायल उन्हें कहां से मिलीं और क्या इससे पहले भी उन्होंने किसी अन्य ज्वेलर्स के साथ इसी तरह ठगी की है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और उनके बताए नाम-पते तथा पूरे घटनाक्रम का सत्यापन किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User