नोएडा में एक्स पर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी का पोस्ट:पुलिस ने किया खंडन, तीन लोगों के खिलाफ झूठी खबर फैलाने का केस दर्ज
यूट्यूबर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर झूठी खबर फैलाने के मामले में नोएडा के सेक्टर-39 थाने में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट डालीं, जिनमें दावा किया गया कि नोएडा पुलिस ने ध्रुव राठी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह खबर गलत थी। इससे लोगों के बीच भ्रम फैलने और शांति व्यवस्था बिगड़ने का खतरा था। नोएडा पुलिस के मीडिया सेल में तैनात उप निरीक्षक सुशील कुमार की ओर से यह केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो लोगों के अकाउंट से ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर पोस्ट की गईं। ये किया गया था पोस्ट
पोस्ट में दावा किया गया कि ध्रुव राठी को हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले वीडियो बनाने और सेना व पुलिस को सरकार के खिलाफ बगावत के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि ध्रुव राठी को भारत लौटने पर पछताना पड़ेगा और उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार से कोई राहत नहीं मिलेगी। इन पोस्ट में दिल्ली पुलिस के बजाय नोएडा पुलिस की ओर से गिरफ्तारी किए जाने की बात कही गई थी। पुलिस ने किया था खंडन
पुलिस ने जांच की तो इस दावे की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि ध्रुव राठी की गिरफ्तारी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं थी। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गिरफ्तारी की खबर को सच बताकर प्रचारित किया गया। ऐसी पोस्ट से लोगों में गलत जानकारी फैल सकती है। इससे लोगों के बीच डर और गुस्सा पैदा होने के साथ ही कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। पोस्ट के जरिए भड़काने का आरोप
आरोप है कि पोस्ट के जरिए लोगों को भड़काने और प्रशासन के प्रति गलत भावना पैदा करने की कोशिश की गई। मामले में अभिषेक कुमार और प्रियंका कनाडे सहित अन्य एक्स हैंडल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि पोस्ट किस तरह तैयार की गईं और इन्हें कितने लोगों तक पहुंचाया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। केस दर्ज होने की पुष्टि एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)