नोएडा प्राधिकरण में 5% भूखंड की फाइल अटकाने का आरोप:किसानों ने सेक्टर-39 में किया प्रदर्शन, रिश्वत मांगने का भी आरोप, 3 दिन में समाधान का दिया आश्वासन
5% आबादी भूखंड की फाइल में बार-बार आपत्ति लगाकर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को सेक्टर-39 प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि वर्क सर्किल-8 में तैनात अधिकारियों की ओर से उनकी फाइल को अनावश्यक टिप्पणियों के साथ बार-बार वापस किया जा रहा है। मामला गेझा तिलपताबाद निवासी बृजपाल और जयवीर की 5% भूखंड से जुड़ी पत्रावली का है। इसमें दर्जनभर से अधिक खसरा नंबर शामिल हैं। इनमें 574/1, 548, 248, 284, 602 और 682 समेत अन्य खसरे शामिल हैं।
किसानों के मुताबिक, भूलेख विभाग से जांच के बाद फाइल वर्क सर्किल-8 भेजी गई थी। संबंधित खसरा संख्या पर अतिक्रमण नहीं होने की रिपोर्ट भी दी गई थी। इसके बावजूद खसरे से जुड़ी रिपोर्ट दोबारा मांगी गई और फाइल भूलेख विभाग को वापस भेज दी गई। किसानों के अनुसार, भूलेख विभाग ने 17 सितंबर को अलग से रिपोर्ट भी भेज दी थी। इसके बावजूद 28 सितंबर को उनकी मूल फाइल फिर वापस कर दी गई। बार बार वापस कर रहे फाइल
किसानों ने आरोप लगाया कि एक ही मामले में बार-बार आपत्ति लगाकर फाइल को लंबित किया जा रहा है। इससे किसानों को अपने काम के लिए लगातार प्राधिकरण के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शिकायत में किसानों ने भारी भरकम रकम रिश्वत के तौर पर लेने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, ये आरोप किसानों की ओर से लगाए गए हैं। तीन दिन में समस्या का समाधान
प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद प्राधिकरण के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। अधिकारियों ने किसानों को तीन दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। भारतीय किसान परिषद ने चेतावनी दी कि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान दोबारा आंदोलन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)