नोएडा से लापता बाउंसर की चाकू से गोदकर हत्या:दिल्ली के नाले में मिला शव, ऑटो की फोटो भेजकर कहा था- मेरे साथ अनहोनी हो सकती है
सेक्टर-71 से 24 सितंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए बाउंसर अजय चौधरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उनका शव दिल्ली के गाजीपुर फूल मंडी के पास नाले में मिला। शरीर और गर्दन पर चाकू के दर्जनों निशान मिले हैं। आनंद विहार थाना पुलिस ने शव को बरामद कर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। गुरुवार रात परिजनों ने शव की पहचान अजय के रूप में की। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद मयूर विहार फेज-1 थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। ड्राइवर और बाउंसर का करता था काम पूर्वी दिल्ली के चिल्ला गांव निवासी प्रवेश चौधरी ने बताया कि उनके ताऊ के बेटे अजय चौधरी सेक्टर-121 में एक कारोबारी के लिए ड्राइवर और बाउंसर का काम करते थे। 24 सितंबर की रात अजय ने सेक्टर-71 से आनंद विहार जाने के लिए ऑनलाइन ऐप से वाहन बुक किया था। रास्ते में उन्होंने परिवार को ऑटो की नंबर प्लेट और एक दुकान की फोटो भेजी। उन्होंने परिवार को बताया था कि वह इसी ऑटो से जा रहे हैं और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है। सामान खरीदा और फोटो भी भेजी
अजय ने आनंद विहार की एक दुकान से करीब 150 रुपये का सामान खरीदा था। उन्होंने दुकानदार की फोटो भी परिवार को भेजी थी। इसके कुछ देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने मयूर विहार फेज-1 थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने नोएडा फेज-3 पुलिस से भी संपर्क किया, लेकिन समय रहते अजय की तलाश नहीं की गई।
हैबतपुर में दोस्त से मिला, छिजारसी में रैपिडो चालक से विवाद
पुलिस जांच के मुताबिक अजय सेक्टर-71 से रैपिडो बाइक लेकर हैबतपुर पहुंचा था। वहां वह करीब एक घंटे तक अपने दोस्त के साथ रहा। इसके बाद दूसरी रैपिडो बाइक से घर जाने लगा। रास्ते में सेक्टर-63 के छिजारसी के पास उसका रैपिडो चालक से विवाद हो गया। इसके बाद वह ऑटो से आनंद विहार पहुंचा। यहां दुकान से पानी की बोतल और नमकीन खरीदी। इसके बाद उसने ऑटो और दुकान की फोटो परिवार को भेजी थी। कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
26 सितंबर को नोएडा में दर्ज हुई गुमशुदगी
परिजनों ने 26 सितंबर को नोएडा के फेज-3 थाने में अजय की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान दिल्ली के आनंद विहार थाना क्षेत्र में गाजीपुर फूल मंडी के पास नाले से अज्ञात शव बरामद हो चुका था। शव को एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। पहचान नहीं होने के कारण परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। बाद में पहचान होने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)