टंकी फिट करते समय छत से गिरा प्लंबर, मौत:कौशांबी में काम करते समय बिगड़ा संतुलन, जिला अस्पताल में तोड़ा दम
कौशांबी के भरवारी में शुक्रवार शाम पानी की टंकी फिट करते समय छत से गिरकर प्लंबर की मौत हो गई। हादसा नगर पालिका परिषद भरवारी के मेहता रोड स्थित एक मकान में हुआ। गंभीर हालत में संतोष कुमार (26) को निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छत पर चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन संदीपन घाट थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी संतोष कुमार पुत्र मन्नीलाल प्लंबिंग का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह वीरेंद्र केसरवानी के मकान की छत पर पानी की टंकी फिट करने गया था। बताया जा रहा है कि छत पर चढ़ते समय अचानक संतोष का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ में काम कर रहे मजदूर ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी। इसके बाद संतोष को आनन-फानन में भरवारी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान संतोष ने दम तोड़ दिया। चार साल पहले हुई थी शादी हादसे की जानकारी मिलते ही संतोष के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर के बाद पत्नी और बच्चों समेत परिवार में मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक संतोष की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था और करीब छह वर्षों से प्लंबिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। सूचना पर कोखराज पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)