नोएडा स्पोर्टस सिटी की 225 आपत्तियों का निवारण शुरू:लगातार तीन दिन होगी बैठक, चार सेक्टरों से जुड़ी, इसके बाद पास होगा ले आउट प्लान
स्पोर्ट्स सिटी के लेआउट प्लान पर मिली 225 से अधिक आपत्तियों के निस्तारण के लिए मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण में मैराथन बैठक की जा रही है। एसीईओ वंदना त्रिपाठी की अध्यक्षता में गठित समिति आपत्तियों की समीक्षा कर रही है। इसमें सेक्टर-78-79, सेक्टर-150 और सेक्टर-152 के अलग-अलग भूखंडों के संशोधित लेआउट प्लान पर लोगों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों पर विचार किया जा रहा है। प्राधिकरण ने स्पोर्ट्स सिटी के भूखंडों के संशोधित लेआउट प्लान पर लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी थी। इसके लिए तय समय-सीमा समाप्त होने तक ई-मेल और पत्र के माध्यम से 225 से अधिक आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें सेक्टर-78-79 के लिए करीब 100, सेक्टर-150 के लिए 75 और सेक्टर-152 के लिए लगभग 50 आपत्तियां शामिल हैं। एसीईओ की अध्यक्षता में बनी समिति
आपत्तियों के निस्तारण के लिए प्राधिकरण ने एसीईओ वंदना त्रिपाठी की अध्यक्षता में समिति गठित की है। इसमें एसीईओ पुष्पराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष शामिल हैं। समिति आपत्तियों के बिंदुओं की समीक्षा कर रही है, ताकि लेआउट प्लान से जुड़े मामलों में आगे की प्रक्रिया तय की जा सके। दो दिन में निस्तारण का लक्ष्य
प्राधिकरण की योजना मंगलवार और बुधवार को आपत्तियों का निस्तारण करने की थी। लेकिन इसमें एक दिन का समय और लग सकता है। इसी क्रम में समीक्षा और निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आपत्तियों पर विचार के बाद लेआउट प्लान को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, सभी आपत्तियों पर अंतिम निर्णय और संशोधित लेआउट प्लान की स्थिति के बारे में बैठक के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)