नरोरा हादसे में पांच की मौत से गांव में मातम:शव गांव पहुंचते ही गूंज उठीं चीखें, कई घरों में नहीं जले चूल्हे; आज होगा अंतिम संस्कार
बुलंदशहर के नरोरा में शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे ने कासगंज के दहेली बुजुर्ग गांव को गम में डुबो दिया। हादसे में गांव के पांच लोगों की मौत हो गई। शनिवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीण पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हादसे में रामदीन, उनके बेटे लोकेन्द्र, लोकेन्द्र की एक साल की बेटी प्रगति और परिवार की बहू बबिता की जान चली गई। बबिता, रामदीन के बड़े बेटे प्रवीण की बहू थीं। हादसे में कार चालक शिवशेखर मिश्रा की भी मौत हो गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। कई घरों में नहीं जले चूल्हे गांव में शव पहुंचते ही हर तरफ चीख-पुकार मच गई। मृतकों के घरों पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते रहे। हादसे का असर ऐसा रहा कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा और हर किसी की आंखें नम थीं। दिल्ली से गांव पहुंचा बड़ा बेटा रामदीन का बड़ा बेटा प्रवीण दिल्ली से गांव पहुंचा। हादसे में लोकेन्द्र की पत्नी ललिता, प्रवीण का बेटा प्रतीक और बेटी अनिका भी घायल हुए हैं। तीनों का इलाज चल रहा है। परिवार के सदस्यों की मौत और अन्य परिजनों के घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शनिवार सुबह होगा अंतिम संस्कार गांव में शनिवार सुबह 10 बजे के बाद खेत पर पांचों मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक ही परिवार के सदस्यों की अर्थियां एक साथ उठने से गांव का माहौल और गमगीन होने की आशंका है। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)