नवरात्रि-दशहरा को लेकर खाद्य विभाग की छापेमारी:4 नमूने जांच के लिए भेजे, बोले- बेस्ट बिफोर देखकर ही खरीदें पैकेज्ड उत्पाद

Oct 09, 2026 - 18:35
0
नवरात्रि-दशहरा को लेकर खाद्य विभाग की छापेमारी:4 नमूने जांच के लिए भेजे, बोले- बेस्ट बिफोर देखकर ही खरीदें पैकेज्ड उत्पाद
आजमगढ़ में आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान जिले में 20 दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य पदार्थों के चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, जीयनपुर और सरायमीर में 20 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करते हुए प्रशिक्षित किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान सिधारी स्थित हाइडिल चौराहे के एक प्रतिष्ठान से सिंघाड़े के आटे के दो और कुट्टू के आटे का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा तहसील निजामाबाद क्षेत्र के एक प्रतिष्ठान से किशमिश का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। 20 खाद्य कारोबारियों को किया गया प्रशिक्षित सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि छापेमारी के साथ ही विभाग की दूसरी टीम ने जीयनपुर और सरायमीर में 20 खाद्य कारोबारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। उपभोक्ताओं से इस बात की भी अपील की गई थी पैकेज्ड उत्पाद खरीदते समय बेस्ट बिफोर देखकर ही खरीदें। इसमें आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान विशेष रूप से इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे, घी और अन्य फलाहार सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 तथा विनियम, 2011 के प्रावधानों से अवगत कराया गया। उन्हें निर्देशित किया गया कि पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री न करें और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। पुराना फलाहार स्टॉक मिलने पर होगी कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिनके माध्यम से लोगों को व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। जिन कारोबारियों के पास पुराना फलाहार संबंधी स्टॉक रखा है, वे उसे तत्काल नष्ट कराएं। पुराना फलाहार संबंधी स्टॉक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविन्द यादव, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमरनाथ, बेबी सोनम, राजीव कुमार सिंह और सुचित प्रसाद सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User