नवविवाहिता फंदे पर मिली, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया:नौबस्ता मे शादी के 7 महीने बाद हुई मौत, दहेज प्रताड़ना का भी आरोप

Oct 05, 2026 - 17:58
0
नवविवाहिता फंदे पर मिली, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया:नौबस्ता मे शादी के 7 महीने बाद हुई मौत, दहेज प्रताड़ना का भी आरोप
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के संजय नगर में रविवार देर शाम नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। जालौन के कोंच निवासी रोली प्रजापति (25) का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। सूचना पर कोंच से पहुंचे मायके वालों ने पति और ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची नौबस्ता पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रोली की मां लक्ष्मी देवी के मुताबिक, बेटी की शादी 12 फरवरी 2026 को नौबस्ता के संजय नगर निवासी विवेक कुमार प्रजापति से हुई थी। विवेक दिल्ली में एयरलाइन में नौकरी करता है। शादी के महज 13 दिन बाद ही 25 फरवरी को रोली के पिता की कैंसर से मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि करीब सात महीने बाद बेटी की संदिग्ध मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर दिया। 15 लाख से अधिक खर्च के बाद भी अतिरिक्त दहेज का आरोप मायकेवालों का आरोप है कि शादी में 15 लाख रुपये से अधिक खर्च करने के बावजूद ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रोली को परेशान करते थे। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की जाती थी और विरोध करने पर उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता था। परिजनों के मुताबिक, रोली ने कई बार फोन पर मायकेवालों को अपनी परेशानी बताई थी। परिवार का दावा है कि उसने 31 अगस्त को डायल-112 पर भी शिकायत की थी। इलाज में लापरवाही और मायकेवालों से बात न करने देने का आरोप परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन रोली के इलाज को लेकर भी लापरवाही बरतते थे। इतना ही नहीं, उसे मायकेवालों से फोन पर बात करने से भी रोका जाता था। परिवार का कहना है कि रोली की ओर से समय-समय पर प्रताड़ना की जानकारी मिलने के बाद भी विवाद का स्थायी समाधान नहीं हुआ। मौत की सूचना पर पहुंचे मायकेवाले, लगाया हत्या का आरोप रविवार शाम रोली की मौत की सूचना मिलते ही कोंच से उसके मायकेवाले संजय नगर पहुंचे। शव फंदे से लटका देखकर परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने पति और ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मायकेवालों का आरोप है कि रोली की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे से लटका दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पिता की मौत के सात महीने बाद बेटी भी चली गई रोली की शादी के महज 13 दिन बाद ही उसके पिता की कैंसर से मौत हो गई थी। परिवार अभी पिता की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि रविवार को रोली की संदिग्ध मौत की खबर आ गई। सात महीने के वैवाहिक जीवन के बाद बेटी की मौत ने मायकेवालों को पूरी तरह तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि अगर रोली की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि रोली ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायकेवालों की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी। दहेज प्रताड़ना और 31 अगस्त को डायल-112 पर की गई शिकायत की भी जांच किए जाने की बात पुलिस ने कही है। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य हंगामे की सूचना पर नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे और घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि- नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User