पैरा एशियन गेम्स में आज मेरठ के आयुष का इवेंट:बुधवार को दौड़ में हिस्सा लेंगे प्रीति और अनुभव, तीनो पैरा एथलीटों से पदक की उम्मीद
जापान में आयोजित हो रहे पैरा एशियन गेम्स में मेरठ के पैरा एथलीटों के इवेंट आज से शुरू हो रहे हैं। मंगलवार सुबह 9 बजे सदर बाजार निवासी आयुष वर्मा भाला फेंक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहीं, बुधवार को मेरठ की प्रीति पाल और अनुभव चौधरी दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। तीनों खिलाड़ियों से मेरठवासियों को पदक की उम्मीद है। जिला पैरा खेल संघ की ओर से भी खिलाड़ियों की सफलता के लिए प्रार्थना की गई है। मेरठ से आयुष वर्मा, प्रीति पाल और अनुभव चौधरी पैरा एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आयुष एफ-53 श्रेणी में भाला फेंक और गोला फेंक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। वह मंगलवार सुबह 9 बजे भाला फेंक में उतरेंगे। इसके बाद बुधवार सुबह 9 बजे गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। आयुष सदर बाजार के रहने वाले हैं और भाला फेंक, गोला फेंक व चक्का फेंक के खिलाड़ी हैं। प्रीति और अनुभव भी पदक के लिए दौड़ेंगे गंगानगर निवासी प्रीति पाल टी-35 श्रेणी में 100 और 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगी। वह बुधवार को 200 मीटर दौड़ में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद 22 अक्टूबर को 100 मीटर दौड़ में उतरेंगी। प्रीति ने वर्ष 2024 के पैरा ओलंपिक में कांस्य पदक जीते थे। उनसे इस बार भी पदक की उम्मीद की जा रही है। वहीं, छुर गांव निवासी अनुभव चौधरी टी-36 श्रेणी में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ की तैयारी करते आ रहे हैं। वह बुधवार को 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे। जिला पैरा खेल संघ के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके पदक जीतने की उम्मीद जताई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)