पैसे निकालने गए युवक के खाते से 30 हजार गायब:बस्ती में दो अज्ञात लोगों ने मदद के बहाने कार्ड बदला, केस दर्ज
बस्ती में कलवारी थाना क्षेत्र के रहने वाले आफताब आलम के भाई का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 30 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। एटीएम बूथ में मौजूद दो अज्ञात लोगों ने पैसे निकालने में मदद करने के बहाने कार्ड बदल लिया। इसके बाद खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने पर धोखाधड़ी की जानकारी हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कलवारी थाना क्षेत्र के कन्हरिया गांव निवासी आफताब आलम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई आलम पुत्र मोहम्मद मुस्तफा का पंजाब नेशनल बैंक, कलवारी का एटीएम कार्ड उनके पास था। 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 11 बजे वह कुआंर एटीएम मशीन से रुपये निकालने गए थे। उन्होंने पहली बार 10 हजार और दूसरी बार 20 हजार रुपये निकाले। इसी दौरान एटीएम बूथ के केबिन में मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे कहा कि रुपये ठीक से नहीं निकले हैं। इसके बाद दोनों ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड ले लिया और उसे बदल दिया। शिकायत के अनुसार, दोनों व्यक्ति चार पहिया वाहन से नगर की तरफ चले गए। आफताब आलम ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजकर 31 मिनट पर उनके भाई के मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने के मैसेज आए। पहली बार 25 हजार रुपये और दूसरी बार पांच हजार रुपये निकाले जाने की सूचना मिली। इस तरह खाते से कुल 30 हजार रुपये निकल गए। इसके बाद उन्हें एटीएम कार्ड बदले जाने और धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजकर 29 मिनट पर कलवारी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच उपनिरीक्षक स्वामीनाथ सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)