PDA रथ यात्रा के बाद सपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज:सपा नेताओं के बयानों पर इमरान का पलटवार- कांग्रेस को दबा या डरा नहीं सकते
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रभाव वाले रायबरेली से PDA रथ यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद सपा और कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी रुक नहीं रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने यात्रा की शुरुआत रायबरेली से किए जाने पर कहा कि कोई भी नेता कहीं से भी अपने अभियान की शुरुआत कर सकता है। कांग्रेस भी कन्नौज या इटावा से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकती है। इसके बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कांग्रेस को लेकर कहा कि जसवंतनगर में कांग्रेस को एक वोट भी नहीं मिलने वाला। सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि यूपी में कांग्रेस की कोई हैसियत नहीं है और सपा ही कांग्रेस को प्रत्याशी देती है। कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा को कांग्रेस की जरूरत नहीं है। वहीं घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि अखिलेश यादव की वजह से राहुल गांधी सांसद बने। इन बयानों के बाद कांग्रेस के सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने सपा नेताओं पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने काम पर भरोसा है और पार्टी अपनी जिम्मेदारियों को जानती है। कांग्रेस चुनाव लड़ेगी और राहुल गांधी के नेतृत्व में आखिर तक लड़ती रहेगी। इमरान मसूद बोले- कांग्रेस को दबाया या डराया नहीं जा सकता अखिलेश यादव के गठबंधन से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा, “हमें अपने काम पर भरोसा है और हम अपनी जिम्मेदारियां जानते हैं। कांग्रेस लड़ेगी। राहुल गांधी ने पूरे देश में माहौल बनाया है। कांग्रेस ऐसी पार्टी नहीं है, जिसे दबाया या डराया जा सके। हमारी तरफ भी कई नेता हैं और उनकी तरफ भी कई नेता हैं। उन्हें ढोल-नगाड़े बजाने दें। आगे क्या होगा, यह तो वक्त ही बताएगा। हम राहुल जी के नेतृत्व में आखिर तक लड़ते रहेंगे।” शिवपाल के बयान पर बोले- यह उनकी राय हो सकती है शिवपाल सिंह यादव के बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि यह उनकी राय हो सकती है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस अपने काम पर ध्यान दे रही है। शिवपाल यादव जो कह रहे हैं, वह उनकी अपनी पार्टी में ही बेमानी हो गया है। अगर वह यह बात अपने नेता से कहें, तो इसका कुछ महत्व होगा, वरना इसका कोई महत्व नहीं है।” उन्होंने कहा, “बहुत से लोग बहुत सी बातें कहते रहते हैं और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारे यहां भी कई लोग इधर-उधर की बातें करते रहते हैं। जब बारात निकलती है तो कई ढोल बजाने वाले साथ आते हैं, लेकिन ढोल बजाने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता।” बोले- हम अपनी पार्टी की वफादारी करेंगे, दूसरे की नहीं कांग्रेस नेताओं की ओर से बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह दिए जाने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, “यह समझ नहीं आ रहा है कि कौन कह रहा है। प्रभारी जी जो बोल रहे हैं, मैं जो बोल रहा हूं, प्रदेश अध्यक्ष जो बोल रहे हैं। हम पार्टी के लिए बोल रहे हैं। हम पार्टी के लिए लड़ रहे हैं।” उन्होंने कहा, “हम अपनी पार्टी की वफादारी करेंगे, दूसरे की नहीं। हमें अपनी पार्टी को खड़ा करना है। हमारा काम दूसरे की चमचागिरी करना नहीं है। ढोल बजाने वाले ढोल बजाते रहें। उनसे क्या फर्क पड़ रहा है। जब बारात चढ़ती है तो बहुत सारे लोग ढोल बजाते हैं। हम तैयारी में लगे हैं। हम काम करेंगे।” गठबंधन का फैसला पार्टी करेगी, कांग्रेस को खत्म नहीं होने देंगे गठबंधन को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा, “गठबंधन का फैसला पार्टी को करना है, लेकिन पार्टी खत्म करके थोड़ी कोई भी फैसला होगा कि हम पार्टी को खत्म कर दें। पार्टी को खत्म नहीं होने देंगे।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)