पडरौना के व्यापारियों ने जताया विरोध:2000 रुपए से ज्यादा UPI पेमेंट पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाने की मांग
2000 रुपए से ज्यादा के UPI पर अतिरिक्त कर या शुल्क लगाए जाने की चर्चा के बीच पूर्वांचल व्यापार मंडल (पंजीकृत) ने इसका विरोध जताया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार सैनी के नेतृत्व में कुशीनगर के व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम मांग-पत्र राज्यसभा सांसद कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह को सौंपते हुए UPI लेन-देन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि कारोबारी वर्ग पहले से ही विभिन्न करों, शुल्कों और बढ़ती व्यावसायिक लागत का सामना कर रहा है। ऐसे में डिजिटल भुगतान व्यवस्था UPI पर अतिरिक्त शुल्क लगाया गया तो इसका सीधा असर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर पड़ सकता है। व्यापार मंडल ने कहा कि कम लागत वाली डिजिटल भुगतान व्यवस्था से कारोबारियों और ग्राहकों दोनों को सुविधा मिलती है। अतिरिक्त शुल्क से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के प्रयास भी प्रभावित हो सकते हैं। व्यापार मंडल ने मांग की कि UPI लेन-देन पर किसी भी अतिरिक्त कर या शुल्क के प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए। छोटे एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाए। व्यापारियों ने डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुरक्षित और कम लागत वाली बनाए रखने तथा किसी भी बड़े निर्णय से पहले व्यापारियों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पडरौना के मुख्य बाजार में व्यापारी एकजुट नजर आए। व्यापारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान आज छोटे-बड़े कारोबार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, इसलिए इस पर अतिरिक्त लागत लगाने के बजाय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जानी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)