पेट्रोल पंप पर डीजल में पानी मिलाकर देने का आरोप:संभल में 1 लीटर में 600 ग्राम डीजल होने का दावा, पंप सील कर जांच शुरू
संभल में बिना रजिस्ट्रेशन और नाम के संचालित हो रहे कथित अवैध पेट्रोल पंप पर डीजल में पानी मिलाकर देने का मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर गांव के किसान ने यहां से 3,500 रुपये का डीजल खरीदकर ट्रैक्टर में डलवाया। करीब डेढ़ किलोमीटर आगे जाते ही ट्रैक्टर झटके के साथ बंद हो गया। मिस्त्री से जांच कराने पर टंकी में पानी होने की बात सामने आई। इसके बाद किसान पेट्रोल पंप पहुंचा और हंगामा किया। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया। प्रशासन अब पंप के संचालन और उसके लिए जारी कागजात की जांच कर रहा है। मामला जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 44 किलोमीटर दूर गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव का है। ग्रामीणों के मुताबिक, यहां पिछले कई वर्षों से बिना किसी नाम, कंपनी या बोर्ड के पेट्रोल पंप संचालित हो रहा था। आसपास के लोग यहीं से पेट्रोल-डीजल खरीदते थे। डेढ़ किमी चलने के बाद बंद हो गया ट्रैक्टर गांव निवासी ओमपाल सिंह पुत्र गिलंद्र सिंह गुरुवार दोपहर ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप पर डीजल लेने पहुंचे। उन्होंने 3,500 रुपये का डीजल खरीदकर ट्रैक्टर की टंकी में डलवाया। पेट्रोल पंप से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे पहुंचते ही ट्रैक्टर झटके के साथ बंद हो गया। किसान ने करीब दो घंटे तक ट्रैक्टर को चालू करने का प्रयास किया। बाद में मिस्त्री को बुलाकर जांच कराई गई तो टंकी में पानी होने की बात सामने आई। इसके बाद ओमपाल सिंह पेट्रोल पंप पहुंचे और संचालक से शिकायत की। हंगामे की जानकारी पर उनके परिवार के लोग और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण ने सैंपल में पानी होने का किया दावा ग्रामीण धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप पर न तो कोई रजिस्ट्रेशन है और न ही नाम या कंपनी का बोर्ड लगा है। उन्होंने बताया कि सेल्समैन के अनुसार ट्रैक्टर में करीब 20 लीटर पानी और 10 लीटर डीजल गया था। धर्मेंद्र ने दावा किया कि उन्होंने एक लीटर मिश्रण निकलवाकर देखा, जिसमें करीब 400 ग्राम पानी और 600 ग्राम डीजल था। हालांकि, डीजल में पानी की वास्तविक मात्रा और मिश्रण किस वजह से हुआ, यह प्रशासनिक जांच और सैंपल की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पेट्रोल पंप के सेल्समैन भूपेंद्र सिंह ने शुरुआत में ट्रैक्टर में पानी मिला डीजल जाने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि बुलंदशहर के रोहित इस पेट्रोल पंप का संचालन करते हैं और वह यहां नौकरी करता है। बाद में सेल्समैन ने कहा कि बारिश के कारण टंकी में पानी भर गया था, जिसकी वजह से डीजल के साथ ट्रैक्टर में पानी चला गया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। पेट्रोल पंप सील, संचालक से मांगे गए कागजात शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे डीएसओ शिवि गर्ग ने बताया कि काशीपुर गांव में बिना रजिस्ट्रेशन पेट्रोल पंप संचालित होने और ट्रैक्टर में पानी मिला डीजल डालने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फिलहाल पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है। इसे संचालित करने वाले व्यक्ति से संबंधित कागजात मांगे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)