फॉर्च्यूनर नहीं मिली तो महिला को घर से निकाला:पति समेत 4 ससुराल वालों पर केस दर्ज, दूसरी शादी की धमकी भी दी

Sep 24, 2026 - 20:43
0
फॉर्च्यूनर नहीं मिली तो महिला को घर से निकाला:पति समेत 4 ससुराल वालों पर केस दर्ज, दूसरी शादी की धमकी भी दी
बांदा में दहेज में फॉर्च्यूनर कार की मांग को लेकर एक विवाहिता को परेशान करने का मामला सामने आया है। शहर कोतवाली में इस मामले में पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। FIR की कॉपी आज शाम 6 बजे ऑनलाइन सामने आई है। विवाहिता के पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही बेटी पर और दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान किया गया। आरोप है कि बाद में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। उसके स्त्रीधन और दहेज का सामान भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिया। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, रामआशीष यादव ने अपनी बेटी प्रिया यादव की शादी 17 नवंबर 2024 को गुरुग्राम के बिलासपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले नितिन यादव से की थी। शादी के अगले दिन 18 नवंबर को प्रिया को महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन, सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और अन्य दान-दहेज के साथ विदा किया गया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति नितिन यादव, सास रंजीता यादव, ससुर सुंदरलाल यादव और ननद विन्ती उर्फ सोनिया यादव उसे दहेज के लिए ताने देने लगे। उससे कहा गया कि मायके वाले चौथी लेने आएं तो फॉर्च्यूनर कार लेकर आएं। ऐसा नहीं करने पर पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी गई। विवाहिता ने मायके की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए और दहेज देने में असमर्थता जताई, लेकिन कथित तौर पर उसे परेशान करना जारी रहा। उससे घरेलू काम कराने और छोटी-छोटी बातों पर बेइज्जत करने का आरोप लगाया गया है। पिता के मुताबिक, 13 जुलाई 2025 को चचेरे भाई निखिल यादव की सगाई के बाद ससुराल वालों ने प्रिया के सोने-चांदी के आभूषण, स्त्रीधन और दान-दहेज का सामान अपने पास रख लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की गई। जान से मारने की धमकी देकर उसे धक्का मारकर घर से बाहर निकालने का भी आरोप है। विवाहिता इसके बाद मायके पहुंची और पिता को पूरी बात बताई। पिता ने 20 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। जनसुनवाई प्रकरण में महिला थाना/पीपीआईसी को सुलह का प्रयास कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अब इस मामले में शहर कोतवाली में पति नितिन यादव समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User