फिरोजाबाद में 12 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत:शव बाजरे के खेत में मिला; शाम से था लापता, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के गांव खंगरई में रविवार सुबह 12 वर्षीय बच्चे का शव बाजरे के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चा शनिवार शाम से लापता था। उसका शव गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति पर हत्या की आशंका जताई है। शव पर जगह-जगह छिलने के निशान बताए गए हैं। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। खंगरई निवासी जयवीर दिवाकर का 12 वर्षीय बेटा पंकज शनिवार शाम करीब सात बजे घर से लापता हो गया था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह परिजन और ग्रामीण एक बार फिर पंकज की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान गांव के राघवेंद्र के बाजरे के खेत में बच्चे का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और सीओ टूंडला ने पहुंचकर शुरू की जांच बच्चे का शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी नारखी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी टूंडला भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शनिवार शाम घर से निकलने के बाद बच्चा कहां गया था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण परिजनों ने बच्चे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)