फिरोजाबाद में प्रसव के बाद महिला की मौत:परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया, इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। रेहना अंबेडकर नगर, थाना उत्तर निवासी टीकम सिंह की 24 वर्षीय पत्नी निशा गर्भवती थी। प्रसव के लिए उसे नगला बरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, रात में निशा ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसकी हालत ठीक थी और वह सामान्य थी। पति टीकम सिंह का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब सात बजे अस्पताल के डॉक्टरों ने निशा को एक साथ दो इंजेक्शन लगाए। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर वहां से चले गए। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)