पहली बार कोर्ट कराएगी सुल्तानपुर बार एसोसिएशन का चुनाव:2,080 अधिवक्ता खुर्शीद क्लब में करेंगे वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Oct 13, 2026 - 19:01
0
पहली बार कोर्ट कराएगी सुल्तानपुर बार एसोसिएशन का चुनाव:2,080 अधिवक्ता खुर्शीद क्लब में करेंगे वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सुल्तानपुर में बार एसोसिएशन के इतिहास में इस बार बड़ा बदलाव हुआ है। हाईकोर्ट के आदेश पर पहली बार चुनाव कराने की जिम्मेदारी न्यायपालिका को सौंपी गई है। जिला जज सुनील कुमार की निगरानी में बुधवार को सुबह 10 बजे से शहर के खुर्शीद क्लब सभागार में मतदान होगा। मंगलवार शाम 6 बजे तक चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गईं। मतदान प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। 1921 में हुआ था बार एसोसिएशन का पंजीयन जिले में अदालतों के संचालन की शुरुआत वर्ष 1916 में हुई थी। उस समय कलेक्ट्रेट में मुंसिफ मजिस्ट्रेट की अदालत लगती थी, जहां मुकदमों की सुनवाई होती थी। वहीं, जिले का सत्र न्यायालय फैजाबाद (अब अयोध्या) में संचालित होता था। इसी दौरान जिले में वकालत की शुरुआत हुई। उस समय अधिवक्ताओं की संख्या काफी कम थी। बार एसोसिएशन का पंजीयन वर्ष 1921 में हुआ था। बार के पूर्व अध्यक्ष करुणा शंकर दुबे के मुताबिक, शुरुआती वर्षों में एसोसिएशन के चुनाव सर्वसम्मति से होते थे। अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी निर्विरोध चुने जाते थे। बाद में मतदान के जरिए चुनाव होने लगे। मतगणना में धांधली के आरोप के बाद हुआ था बवाल अब तक परंपरा रही है कि बार एसोसिएशन के मौजूदा पदाधिकारी ही अगली कार्यकारिणी का चुनाव कराते थे। बीते 9 सितंबर को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता संघ भवन में चुनाव की मतगणना के दौरान धांधली के आरोप लगे थे। इसके बाद बवाल हो गया था। आरोप है कि कुछ लोग मतपत्र लेकर भाग गए थे। बार कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ताला तोड़कर चोरी कर लिया गया था। इस मामले में एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दुबे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना की जानकारी मिलने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई और जिला जज की निगरानी में चुनाव कराने का आदेश दिया। इसी निर्देश के तहत बुधवार को खुर्शीद क्लब में मतदान कराया जाएगा। बार एसोसिएशन में महिलाओं को 30% आरक्षण बार एसोसिएशन में महिलाओं के लिए 30% आरक्षण लागू किया गया है। अधिवक्ता शशि मिश्र ने इस मांग को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था लागू हुई है। इसके तहत कोषाध्यक्ष समेत कई पद आरक्षित किए गए हैं। 58वें अध्यक्ष के लिए होगा चुनाव बुधवार को बार एसोसिएशन के 58वें अध्यक्ष के साथ सचिव और कार्यकारिणी के अन्य पदों के लिए मतदान होगा। इससे पहले 57 अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। इस बार हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला जज की निगरानी में चुनाव होने से पूरी प्रक्रिया पर विशेष नजर रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User