फ्री फायर गेम आईडी के नाम पर ठगी:पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार, 2.60 लाख रुपये और हथियार-कार बरामद

Oct 17, 2026 - 19:05
0
फ्री फायर गेम आईडी के नाम पर ठगी:पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार, 2.60 लाख रुपये और हथियार-कार बरामद
इटावा में फ्री फायर गेम की महंगी आईडी खरीदने के बहाने बिहार के युवक से 2.60 लाख रुपए की ठगी की गई। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार दोपहर 3 बजे प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। आईडी खरीदने के बहाने इटावा बुलाया पुलिस के अनुसार, बिहार के बक्सर जिले के निवासी अंशु कुमार ने 15 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि फ्री फायर गेम की आईडी खरीदने के बहाने फोन करके उन्हें इटावा बुलाया गया था। वह अपने दो साथियों के साथ इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद फोन पर मिली लोकेशन के आधार पर तीनों जेल के पीछे नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवास के सामने स्थित पौधशाला के पास पहुंच गए। आईडी ट्रांसफर कराकर भागने का आरोप आरोप है कि वहां आरोपियों ने अंशु कुमार के मोबाइल से फ्री फायर गेम की आईडी ट्रांसफर करा ली। इसके बाद तय रकम दिए बिना मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान अल्टो कार से पकड़े गए एसएसपी के निर्देश पर 16 और 17 अक्टूबर की रात सिविल लाइन और बढ़पुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम लायन सफारी रोड पर ठंडी पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद अल्टो कार से आ रहे तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान दो तमंचे, एक अधिया बंदूक, चार कारतूस, दो मोबाइल फोन और 850 रुपए नकद बरामद किए। घटना में इस्तेमाल की गई अल्टो कार भी कब्जे में ले ली गई। गेमिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करते थे संपर्क पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गेमिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते थे। पुरानी और महंगी गेमिंग आईडी खरीदने के बहाने लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें इटावा बुलाकर आईडी हासिल कर लेते थे और तय रकम दिए बिना फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, इसी तरीके से बिहार के युवक से 2.60 लाख रुपए की ठगी की गई। पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बढ़पुरा थाना क्षेत्र के धमना गांव निवासी देवेंद्र भदौरिया और उसके बेटे ओपेंद्र भदौरिया तथा बाहुरी गांव निवासी अभिराम के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, देवेंद्र और ओपेंद्र के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User