फर्रुखाबाद में शराब ठेके के पास मिला किसान का शव:शनिवार रात घर से निकले थे, जमीन का चल रहा था विवाद

Oct 18, 2026 - 15:38
0
फर्रुखाबाद में शराब ठेके के पास मिला किसान का शव:शनिवार रात घर से निकले थे, जमीन का चल रहा था विवाद
फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में आमिलपुर शराब ठेके के पास 55 साल के किसान बेचेलाल का शव मिला। वह रामपुर ढपरपुर गांव के रहने वाले थे। रविवार सुबह करीब 7 बजे लोगों ने शव पड़ा देखा। इसके बाद उनके बेटे दीपचंद्र उन्हें लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामपुर ढपरपुर निवासी दीपचंद्र ने बताया कि उनके 55 वर्षीय पिता बेचेलाल खेती-किसानी करते थे। गांव के एक व्यक्ति से जमीन को लेकर उनका विवाद भी चल रहा था। दीपचंद्र के मुताबिक, शनिवार देर शाम उनके पिता घर से खेत पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए। रविवार सुबह उनके चाचा ने बताया कि पिता आमिलपुर में शराब ठेके के पास पड़े हैं। वहां जाकर देखा तो वे मृत अवस्था में मिले। इसके बाद उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल-प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। बताया गया कि बेचेलाल के छह बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां हैं। किसान की मौत से पत्नी गिरिजा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User