फसल सर्वे के नाम पर किसानों से वसूली का आरोप:शाहजहांपुर में प्राइवेट व्यक्ति ने लिए 200-300 रुपए, लेखपाल बोले- मैंने किसी को नहीं भेजा
शाहजहांपुर में बारिश से खराब हुई फसल के सर्वे के नाम पर किसानों से रुपए लेने का मामला सामने आया है। कलान थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुरी के पीतम नगला गांव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक प्राइवेट व्यक्ति किसानों से सर्वे पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने के नाम पर 200 से 300 रुपए लेते दिखाई दे रहा है। वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खुद को लेखपाल द्वारा भेजा गया बताकर किसानों से पैसे लेता नजर आ रहा है। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण उनकी फसल खराब हो गई है। मुआवजे की उम्मीद में वे संबंधित व्यक्ति को 200 से 300 रुपए दे रहे थे। उनका कहना है कि बर्बाद फसल का कुछ मुआवजा मिलने की उम्मीद में किसान पैसे देने को मजबूर हैं। किसानों का आरोप- लागत निकलना भी मुश्किल किसानों का आरोप है कि बारिश के कारण फसल को काफी नुकसान हुआ है। हालत यह है कि फसल में लगी लागत तक निकल पाना मुश्किल है। सरकार की ओर से खराब फसल के लिए मुआवजा देने का आश्वासन मिलने के बाद किसानों को उम्मीद थी कि नुकसान की भरपाई में कुछ मदद मिलेगी। किसानों के मुताबिक, इसी बीच सर्वे के नाम पर प्राइवेट व्यक्ति 200 से 300 रुपए की मांग कर रहा था। मुआवजा मिलने की उम्मीद में ज्यादातर किसान उसे रुपए दे रहे थे। लेखपाल बोले- मैंने किसी प्राइवेट व्यक्ति को नहीं भेजा मामले में लेखपाल विपिन मधुकर ने कहा कि उन्होंने फसल सर्वे के लिए किसी भी प्राइवेट व्यक्ति को नहीं भेजा है। उन्होंने किसानों से रुपए लेने के आरोपों को गलत बताया। लेखपाल के अनुसार, वे स्वयं किसानों की फसल का सर्वे कर रहे हैं और उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे के लिए किसी निजी व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)