फतेहपुर में 20 मीटर सड़क नदी में बही:चार गांवों का संपर्क टूटा, टूटी नावों से नदी पार कर रहे ग्रामीण
फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र में घोर लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है,जहां ग्रामीणों की जिंदगी रोजाना दांव पर लगी हुई है।आशापुर से जाड़े का पुरवा और अवसेरी खेड़ा गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बीते सप्ताह गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण पांडु नदी उफान पर आ गई। नदी के भीषण जलप्रपात और तेज बहाव में करीब 20 मीटर पक्की सड़क बह गई,जिसके चलते क्षेत्र के लगभग चार गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। सड़क मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो जाने के कारण ग्रामीणों के पास आवागमन के लिए नाव ही एकमात्र जरिया बची है। बीते शुक्रवार शाम करीब 7 बजे यहां एक भयावह हादसा होते-होते बचा।12 ग्रामीणों को लेकर जा रही एक नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में पलट गई।गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और तुरंत पहुंची पुलिस टीम की तत्परता से सभी 12 लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया,जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस गंभीर घटना के बावजूद जमीनी हालात में कोई सुधार नहीं आया है।अधिकारियों द्वारा सुरक्षा के लिहाज से नई नाव के संचालन के सख्त निर्देश दिए जाने के बाद भी नाविक टूटी और जर्जर नावों से ही लोगों को नदी पार करा रहे हैं। स्थिति यह है कि यात्रा के दौरान नाव में लगातार पानी भर रहा है और उस पर सवार ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए बर्तन व डिब्बों से पानी बाहर फेंकते नजर आ रहे हैं। किसी बड़ी अनहोनी को न्योता हालाँकि गंगा नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे खतरे के निशान से नीचे आ रहा है,लेकिन जर्जर सड़क और टूटी नावों के भरोसे सफर कर रहे ग्रामीणों का खतरा कम नहीं हुआ है। प्रशासनिक दावों के विपरीत धरातल पर बरती जा रही यह लापरवाही कभी भी किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)