फतेहपुर में आधी रात को चला 'मीट एंड ग्रीट' अभियान:स्लीपर बसों की जांच कर यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया
फतेहपुर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का पालन कराने और महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले में देर रात एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर रविवार देर रात 11 बजे से रात 2 बजे तक यह अभियान "मीट एंड ग्रीट" (Meet and Greet) कॉन्सेप्ट के तहत संचालित हुआ। अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के मुख्य मार्गों और चौराहों पर सघन जांच की। इस दौरान लंबी दूरी तय करने वाली स्लीपर और सामान्य यात्री बसों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने बसों में आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी एग्जिट), अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), वाहन की फिटनेस और अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। गनीमत रही कि जांच के दौरान सभी वाहन सुरक्षा मानकों के अनुरूप दुरुस्त पाए गए। अभियान केवल वाहनों की जांच तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका एक मुख्य उद्देश्य यात्रियों में सुरक्षा का अहसास कराना भी था। पुलिस अधिकारियों ने बसों के भीतर जाकर यात्रियों से उनका कुशलक्षेम पूछा और उन्हें सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया। यात्रियों को आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले इमरजेंसी गेट और सुरक्षा उपकरणों की जानकारी भी दी गई, जिससे महिला यात्रियों ने विशेष रूप से राहत और सुरक्षा महसूस की। इसके साथ ही, रात के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की सघन चेकिंग की गई। संदिग्ध वाहन चालकों का परीक्षण कर सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान एआरटीओ (प्रवर्तन) प्रतीक मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और परिवहन मानकों का जायजा लिया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और हादसों में कमी लाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इस तरह के औचक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि यात्री निडर होकर और सुरक्षित माहौल में सफर कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)