फतेहपुर में DM-SP ने मूर्ति विसर्जन की तैयारियों का जायजा:नौवस्ता घाट पर सुरक्षा व्यवस्था जांची, अधिकारियों को दिए निर्देश
फतेहपुर जिले में आने वाले त्योहारों पर मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार दोपहर 3 बजे सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के नौवस्ता घाट का दौरा किया। उन्होंने तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने विसर्जन के लिए तय जगहों, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों और सुरक्षा इंतजामों को देखा। उन्होंने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने अधिकारियों को घाट और रास्तों पर अच्छी रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग लगाने को कहा। उन्होंने गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बोर्ड लगाने और जल पुलिस, गोताखोरों व लाइफ जैकेट, नाव जैसे बचाव संसाधनों को 24 घंटे तैयार रखने के निर्देश दिए। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि विसर्जन यात्राओं और घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने ट्रैफिक कंट्रोल के लिए योजना बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के आदेश दिए। अधिकारियों को आपस में तालमेल बनाकर कार्यक्रम को शांति से पूरा करने की हिदायत दी गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी खागा, सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)