फतेहपुर में दुर्गापूजा समिति सदस्यों की पहचान के लिए बैज या ड्रेस अनिवार्य
भास्कर न्यूज | फतेहपुर फतेहपुर थाना परिसर में रविवार को दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह सीओ प्रेम कुमार दास ने की। बैठक में इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी एवं थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान दुर्गापूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों की पहचान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने सभी मेला एवं पूजा समिति के सदस्यों को पहचान के लिए बैज, ड्रेस या अन्य निर्धारित पहचान चिह्न रखने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ के दौरान समिति के सदस्यों की आसानी से पहचान हो सके। साथ ही पूजा पंडाल, मेला स्थल और विसर्जन जुलूस पर प्रशासन एवं पुलिस की पैनी नजर रखने की बात कही गई। प्रशासन ने पूजा समितियों से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन निर्धारित समय सीमा के भीतर शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करें। विसर्जन का कार्य रात आठ बजे तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि फतेहपुर थाना क्षेत्र में कुल सात स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन किया जाता है। इनमें फतेहपुर, जामजोड़ी, बनूडीह, धंसनिया, भूरूंडीहा, चौकुंदा समेत सात स्थान शामिल हैं। इनमें पांच स्थानों पर अनुज्ञप्ति लेकर पूजा का आयोजन किया जाता है। बैठक में एएसआई प्रसाद हेम्ब्रम, चंद्रशेखर यादव, प्रभा देवी, किरण बेसरा, अजय मेहरिया, असीम मंडल, अरविंद मंडल, कामेश मंडल, हिदायत मियां, लालू अंसारी सहित पूजा समितियों के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)